बांसवाड़ा| गणतंत्र दिवस–2026 के आयोजन को लेकर अब तक की गई विभागवार तैयारियों की कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने सोमवार को समीक्षा की। उन्होंने सौंपे गए सभी दायित्वों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बताया कि, मुख्य समारोह में 10 विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए जिला परिषद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपनी-अपनी थीम के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक अभियानों को दर्शाती आकर्षक झांकियां तैयार करें। झांकियों को सुव्यवस्थित और सुंदर तरीके से प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह स्थानीय कुशलबाग मैदान में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने मैदान के समतलीकरण, बैरिकेडिंग और लाइनिंग का कार्य समय पर पूर्ण करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर परिषद को निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अन्य विभागों को भी उनके सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।


