भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर अति दुर्घटना जन्य एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का विशेष संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन, परिवहन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान लोरो बगीचा, पतराटोली सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों का ड्रोन कैमरे के माध्यम से सूक्ष्म सर्वेक्षण किया गया। ड्रोन सर्वे के जरिए सड़क की बनावट, खतरनाक मोड़, दृश्यता, यातायात दबाव तथा दुर्घटनाओं के कारणों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। म्हरिया तिराहा में झाड़ियों की सफाई, रम्बलर स्ट्रिप लगाने, भारी वाहन प्रवेश निषेध बोर्ड की शिफ्टिंग, रोड मार्किंग एवं आयरलैंड/डिवाइडर के पुनर्स्थापना के निर्देश दिए गए। बाला छापर तिराहा में गुमटी हटाने, पेड़ों पर रेडियम पट्टी लगाने, सहायक मार्ग में रम्बलर स्ट्रिप, अवैध होल्डिंग हटाने एवं ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। लोरो घाट क्षेत्र में सड़क के गैप बंद करने, दीवारों पर पेंटिंग एवं सुरक्षा स्लोगन, कैट्स आई/ड्रम/स्प्रिंग पोस्ट बदलने, खतरनाक मोड़ एवं दुर्घटना क्षेत्र संकेतक बोर्ड लगाने, झाड़ियों की सफाई, मोड़ों की क्रम संख्या अंकन, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन सुधारात्मक उपायों के क्रियान्वयन से सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, एसडीएम कुनकुरी, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी दुलदुला सुनील सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ब्लैक स्पॉट लोरो बगीचा में लगाए जाएंगी लाइट ड्रोन निरीक्षण में ब्लैक स्पॉट लोरो बगीचा क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुधारने, सड़क किनारे पार्किंग को सुव्यवस्थित करने, भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग, रम्बलर स्ट्रिप व चेतावनी बोर्ड लगाने तथा नियम उल्लंघन करने वाले ढाबा संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पूर्व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पतराटोली में बसों को निर्धारित स्टॉप पर ही रोकने, रम्बलर स्ट्रिप लगाने, ऑटो पार्किंग व्यवस्थित करने, कबाड़ वाहनों को हटाने एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।


