गया रेल पुल अंडरपास में जाम और जलभराव:डीसी, एसएसपी और विधायक ने किया निरीक्षण, कल से फेवर ब्लॉक्स बिछाने का काम होगा शुरू

धनबाद के गया रेल पुल अंडरपास में सड़क पर बने गड्ढों और पानी के लगातार रिसाव से भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। इस समस्या का जायजा लेने गुरुवार को धनबाद डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और विधायक राज सिन्हा मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि अंडरपास में सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे हैं और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे वाहनों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि 1 मिनट की दूरी तय करने में 30 मिनट लग रहे हैं। डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि समस्या के अस्थायी और स्थायी दोनों समाधान की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कल से अंडरपास में हाई स्ट्रेंथ के फेवर ब्लॉक्स बिछाने का काम शुरू होगा। इससे जलभराव के बावजूद सड़क टिकाऊ बनी रहेगी और यातायात बाधित नहीं होगी। डीसी ने यह भी बताया कि इस पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अगले दो वर्षों में स्थायी समाधान लागू किया जाएगा। इससे जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो सकेगी। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि नगर निगम और पथ निर्माण विभाग के साथ मिलकर समस्या के स्थायी समाधान पर काम हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता को जल्द ही राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *