थाना लोपोके के गांव शहूरा में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से टूट चुके पिता ने पहले अपनी 2 मासूम बेटियों को जहर पिलाकर मारा और फिर खुद भी जहर पीकर सुसाइड कर लिया। मृतकों की पहचान लवप्रीत सिंह (30) और उसकी बड़ी बेटी जसप्रीत कौर (8) और छोटी बेटी वीरपाल कौर (6) है। बताया जा रहा कि लवप्रीत लंबे समय से बेरोजगार था। काम न मिलने और आर्थिक संकट के चलते वह मानसिक तनाव में था। यह घटना सोमवार सुबह तकरीबन 10 बजे की है। परिवार के मुताबिक सोमवार सुबह लवप्रीत अपनी प|ी कुलदीप कौर और बेटे को अटारी काम पर छोड़कर घर लौटा था। बाद में उसने बाहर खेल रही दोनों बेटियों को घर बुलाया और प्यार से कहा कि रजाई में आकर बैठो। कुछ देर बाद उसने जहरीली वस्तु बच्चियों को पिलाई और फिर खुद भी जहर पी लिया। जहर का असर बढ़ने पर लवप्रीत ने पड़ोसी को आवाज दी और कहा- चाचा मुझे एक बार गले लगा लो, मैं फिर नहीं मिलूंगा। पड़ोसियों ने तुरंत रिश्तेदारों को सूचना दी और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने पिता और दोनों बच्चियों को मृत करार दिया। घटना के बाद थाना लोपाके पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लिया। मृतक की बुआ सरबजीत कौर ने बताया कि लवप्रीत के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह परिवार का अकेला सहारा था। बेरोजगारी के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया था, जिससे वह तनाव में रहता था। उसने किसी से अपनी परेशानी सांझा नहीं की। पत्नी से बात करनी चाही तो उसने कुछ बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, एसएचआे एसआई नरिंदर सिंह ने बताया, मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल भी चेक किया, पर कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर 174 की कार्रवाई की है।


