झारखंड हाईकोर्ट में सोमवार को पलामू के हुसैनाबाद में दहेज के लिए गर्भवती महिला की मौत मामले में स्वत: संज्ञान लिए गए मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि मृतका के पति को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उसकी सास एवं देवर के खिलाफ संबंधित कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इन तीनों आरोपियों के खिलाफ जल्द अनुसंधान पूरी करके चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इसके बाद अदालत ने अब तक हुई कार्रवाई की रिपोर्ट 23 जनवरी तक मांगी है। अगली सुनवाई 23 जनवरी को निर्धारित की गई है। मालूम हो कि हुसैनाबाद के नवीनगर थाना क्षेत्र के दुधेश्वर प्रसाद गुप्ता ने पलामू एसपी को पत्र लिखकर कहा था कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री की हत्या उसके ससुरालवालों ने दहेज के लिए कर दी है। लेकिन, पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। दैनिक भास्कर ने इस मामले को 9 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित किया। इस पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। अदालत ने मामले पर संज्ञान लिया तब जाकर पलामू पुलिस हरकत में आई और मृतका के आरोपी पति को गिरफ्तार की।


