चूरू जिले के खींवासर गांव स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय के स्टाफ ने एक सराहनीय पहल की है। विद्यालय के 124 विद्यार्थियों को सामूहिक सहयोग से निःशुल्क कोट और स्वेटर वितरित किए गए।
इस पहल की गांव के लोगों ने काफी प्रशंसा की, जिससे कड़ाके की सर्दी से बचाव के लिए बच्चों के चेहरों पर खुशी छा गई। यह वितरण विद्यालय के संस्था प्रधान श्रवण कुमार के नेतृत्व में किया गया। शारीरिक शिक्षक विपिन कस्वां, शैलेन्द्र कुमार, मनोज सिंह, किरण, मोनू बुडानिया, पूजा, कंचन मीणा और रेखा चंदेल ने इस कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। सभी बच्चों को निःशुल्क कोट प्रदान किए गए ताकि वे सर्दी में सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें। इस दौरान, बच्चों के साथ-साथ विद्यालय में पोषाहार बनाने वाले कर्मचारियों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया गया। स्टाफ के सहयोग से उन्हें भी स्वेटर वितरित किए गए। संस्था प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि यह प्रयास बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की विद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।इस अवसर पर शेराराम जीनगर, रशीद सहित विद्यालय के शिक्षक और ग्रामीण मौजूद रहे।


