भारत-पाक सीमा से सटे पठानकोट जिले के बमियाल सेक्टर में स्थित महिला डिग्री कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कॉलेज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ई-मेल में लिखा गया कि यदि 26 जनवरी को तिरंगा झंडा फहराया गया, तो कॉलेज को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस चेतावनी के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत एहतियातन सभी छात्राओं को छुट्टी दे दी और मामले की सूचना पुलिस को दी। कॉलेज परिसर छावनी में तब्दील सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे कॉलेज परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डॉग स्क्वायड और सर्च टीम द्वारा कॉलेज के कोने-कोने की गहन तलाशी ली जा रही है। संवेदनशील भारत-पाक सीमा क्षेत्र में यह घटना सामने आने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कॉलेज की आधिकारिक ई-मेल पर मिला मैसेज डीएसपी सुखजिंदर कुमार ने बताया कि कॉलेज की आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरी ई-मेल प्राप्त हुई थी। इसके तुरंत बाद सर्च अभियान शुरू किया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
पहले भी मिल चुकी धमकी गौरतलब है कि हाल के दिनों में पंजाब के विभिन्न जिलों में स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को धमकी भरे पत्र, फोन और ई-मेल मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस प्रशासन इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार सतर्कता बरत रहा है।


