भास्कर न्यूज | लुधियाना पवेलियन मॉल के पास एक महिला की कार को पुलिस ने गलत तरीके से टो कर लिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रीन पार्क निवासी मधु महाजन ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी सही जगह पार्क होने के बावजूद उठा ली गई और बाद में गलती मानने के बाद भी उनसे टोइंग चार्ज वसूला गया। मधु महाजन ने बताया कि वह पवेलियन मॉल में मूवी देखने गई थीं। इस दौरान उनके बेटे ने मॉल के पास वाइट लाइन के अंदर कार पार्क की थी। मूवी खत्म होने के बाद जब वे बाहर आईं तो उनकी गाड़ी मौके से गायब थी। जहां गाड़ी खड़ी की गई थी, वहां टो की कार्रवाई का निशान मौजूद था। इसके बाद वे अपनी गाड़ी छुड़वाने के लिए पुलिस लाइंस पहुंचीं। वहां उन्हें सही काउंटर और प्रक्रिया समझने में 15 से 20 मिनट तक भटकना पड़ा। स्थिति स्पष्ट न होने पर उन्होंने अपने पति, जो पेशे से एडवोकेट हैं, को मौके पर बुलाया। महिला का कहना है कि उनके पति ने पुलिस अधिकारियों से यह पूछते हुए फोटो दिखाने को कहा कि गाड़ी कहां खड़ी थी और किस आधार पर टो की गई। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि गाड़ी नो-पार्किंग एरिया में थी, लेकिन जो फोटो दिखाई गई उसमें साफ नजर आ रहा था कि गाड़ी तय पार्किंग एरिया में ही खड़ी थी। मधु महाजन का आरोप है कि गलती सामने आने के बावजूद पुलिस ने चालान के पैसे तो नहीं लिए, लेकिन टोइंग चार्ज के नाम पर रकम वसूल ली। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गाड़ी सही जगह खड़ी थी, तो फिर पैसे किस बात के लिए लिए गए।


