गल अमृतसर दी : कारोबारियों ने व्यापार को प्रफुल्लित करने के लिए प्रदेश का विकास करने की आवाज की बुलंद

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल द्वारा शुरू किए गए ‘गल अमृतसर दी’ अभियान के तहत भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजन अग्रवाल की अगुवाई में करीब एक दर्जन व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक अमृतसर क्लब में हुई। बैठक में ‘गल अमृतसर दी’ के तहत कारोबारियों ने व्यापार को प्रफुल्लित करने के लिए प्रदेश के आधारभूत ढांचा को मजबूत करते हुए बहुपक्षीय विकास करवाने की मांग की है। यही नहीं उद्योगपतियों ने केंद्र सरकार से बार्डर एरिया को विशेष आर्थिक पैकेज प्रदान करने एवं प्रदेश में विशेष प्रोजेक्ट शुरू कर निवेशको ंको निवेश के लिए आकर्षित करने की मांग भी की है। वहीं उद्योगपति रंजन अग्रवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था तेजी से बिगड़ रही है जिससे व्यापार काफी भयभीत हैं। अन्य राज्यों के व्यापारी तो प्रदेश में व्यापार करने के लिए राजी नहीं हैं। नतीजन व्यापार व व्यापारियों का प्रदेश से तेजी से पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व आप सरकार की गलत नीतियों के चलते आज व्यापारी गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश-जम्मू कश्मीर में तो बिजली टेरिफ 3-3.50 रुपए प्रति यूनिट है जबकि यहां कारोबारियों को इससे तीन गुणा ज्यादा 10 रुपए प्रति यूनिट बिजली हासिल हो रही है। सरकारों की गलत नीतियों के चलते पर्यटन उद्योग को भी काफी धक्का लगा है, जहां पर्यटकों की संख्या काम कम हो गई है वहीं नई इंडस्ट्री भी स्थापित नहीं हो रही है, केंद्र व राज्य सरकारों को प्रदेश में निवेशकों को निवेश के लिए आकर्षित करने के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत करना चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार को पंजाब में नए औद्योगिक प्रोजेक्ट लागू करने चाहिए। नई औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने से बेरोजगारों को रोजगार भी हासिल होगा। कुक्कु टैक्सटाइल प्रोसेसिंग एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण कुमार कुक्कू ने कहा कि पंजाब सरकार की व्यापार विरोधी नीतियों के चलते टैक्सटाइल यूनिट्स बंद होने के कगार पर है। चार दशक पहले यहां हजारों की संख्या में यूनिट्स होते थे लेकिन अब तो इनकी संख्या सैकडों में ही रह गई है। उन्होंने कहा कि दशकों पहले गुरुनगरी का टैकस्टाइल व्यापार देश के नक्शे पर पहले नंबर पर था। निर्यात में प्रदेश पहले नंबर पर था लेकिन अब निरंतर ग्राफ गिर रहा है। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना तो सपना ही बनकर रह जाएगा। पिछले कई सालों में सरकारें एक भी नई परियोजना नहीं ला पाई हैं। बैठक में उद्योगपति अनूप कपूर, मनमोहन सिंह अरोड़ा, लाली ढाबियां, काला सोढी, राजेश मेहरा, निर्मल सुलेखा, संत गुगनाणी इत्यादि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *