कोटा में आर्ट्स कॉलेज में सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्र आंदोलन पर उतर गए हैं। एनएसयूआई छात्र नेता रिद्धम शर्मा की अगुवाई में छात्रों ने कॉलेज परिसर में सद्बुद्धि यज्ञ किया। और जल्द से जल्द रोड़ बनाने की मांग की। छात्रों का कहना हैं कॉलेज आने के रास्ते में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। उसके बावजूद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। रोज हादसे हो रहे हैं। अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो आगे 1 फरवरी को कॉलेज से KDA तक दण्डवत यात्रा लगाएंगे। छात्र नेता रिद्धम शर्मा ने बताया की करीब 6 माह पहले कोटा उत्तर विधायक ने कॉलेज की नई बिल्डिंग में सड़क निर्माण के लिए विधायक कोष से 10 लाख रूपए दिए थे। 6 महीने बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। सड़क पर गड्ढे हो रहे हैं। गड्डों के कारण कॉलेज आने जाने वाले स्टूडेंट्स हादसे का शिकार हो रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य को लेकर विभाग में पता किया तो जानकारी सामने आई की कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) ने 17 दिसंबर को रोड़ का टेंडर जारी कर दिया। एक महीना गुजर जाने के बाद भी वर्क ऑर्डर जारी नहीं किया। इस कारण रोड़ निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।आज हमने KDA व जिला प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया हैं। आज से ठीक 10 दिन बाद 1 फरवरी को कॉलेज की नई बिल्डिंग से KDA तक दण्डवत यात्रा लगाएंगे।


