‘गहलोत साहब अधिकारी सरकार का होता है’:सीएम भजनलाल बोले- न हमारा, न आपका; आज भी वही अफसर, एक भी पेपर लीक हुआ तो बताएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- अशोक गहलोत का एक बयान आया। हमारे समय में जो अधिकारी लगे थे, उन्हें लगा रहे हैं। गहलोत साहब अधिकारी सरकार का होता है, आपका नहीं होता। हमारा भी नहीं होता। मैं आपसे पूछना चाहता हूं। मुझे पता है आप इसका जवाब जरूर देंगे। आपने युवाओं के सपनों को रौंदने का काम किया है। 19 में से 17 पेपर लीक हुए थे। आज भी वही अधिकारी हैं। आज एक भी पेपर लीक हुआ हो तो बताइए। पिछली कांग्रेस सरकार में पेपर लीक होते थे। नेताओं के बेटे-बेटियों की नौकरी लगती थी। अब गरीब-किसान के बेटे-बेटी पास हो रहे हैं। पहले नेताओं के रिश्तेदार पास होते थे
सीएम शर्मा ने कहा- अभी RAS एग्जाम का रिजल्ट आया है। गांव के गरीब किसान और मजदूर का बेटा पास हुआ है। आपके (गहलोत) समय में पहले नेताओं के रिश्तेदार पास होते थे। ये अंतर आपको देखना पड़ेगा। गरीब किस तरह से बच्चे को पढ़ाता है, क्या-क्या परेशानी झेलता है। कांग्रेस ने आमजन के सपनों को तोड़ने का काम किया। हमने सपनों को साकार करने का काम किया है। यहां पढ़ने वाले छात्रों को जब इतनी सुविधाएं मिलेंगी, तो वह आगे जाकर हमेशा इसे याद करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को एक दिन के पाली जिले के दौरे पर थे। मंगलवार सुबह वे हेलिकॉप्टर से चामुंडेरी राणावतान गांव (बाली) पहुंचे। यहां उन्होंने सोनी सीता देवी पत्नी उम्मेदमल राजकीय बालिका उमावि चामुंडेरी राणावतान का लोकार्पण किया। यह स्कूल भामाशाह जोजावरा सोनी परिवार की ओर से 2 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनवाई गई है। नेतरा गांव में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने सुमेरपुर क्षेत्र के नेतरा गांव स्थित आशापुरा गोशाला में मीरा माधव सरकार प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने गौमाता का पूजन किया। इसके बाद संतों से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा- गौमाता के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। गौशालाओं को गाय व बछड़े के भोजन के लिए 50 व 25 रुपए दिए हैं। गाय के निवाले में कभी भी कमी नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री बोले- राजस्थान को बना देंगे हरियालो राजस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी जिलों में घर-घर पेयजल पहुंचाने की योजना शुरू की गई है। दो साल से राजस्थान के सभी बांध भर रहे हैं। जवाई बांध के गेट भी खुले। आने वाले कुछ सालों में राजस्थान को हरियालो राजस्थान बना देंगे। गायों को खिलाया गुड़, हवन में दी आहुति
पाली जिले के सोजत क्षेत्र के बिलावास गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शाम 4.20 बजे पहुंचे। उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया। हवन में आहुति भी दी। यहां सोजत बिलावास गौ सेवा समिति की ओर से नवनिर्मित श्रीकृष्ण भगवान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में हिस्सा लिया। यह समारोह सीरवी समाज के धर्मगुरु दीवान माधवसिंह, दीवान गोपालसिंह परमार (बिठोड़ा पीरान), साध्वी प्रफुल्ल प्रभाश्री, साध्वी वैराग्यपूर्णाश्री मौजूद रहीं। इससे पहले यहां गांव में शोभायात्रा निकाली गई। गणपति पूजन और हवन किया गया। इनपुट – खेताराम जाट बाली, नरेश मालवीय सुमेरपुर, संजय परिहार सोजत

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *