मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने मंच से कह दी खरी बात
मध्य प्रदेश आए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने ही दल की सरकार की फजीहत कर दी। यहां कि पोषण नीतियों पर सवाल उठा दिए। भरे मंच से खरी बात कह दी। जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। विपक्ष को जहां सरकार को घेरने का मौका मिल गया, वहीं सरकार की ओर से सफाई भी पेश की जाने लगी। भोपाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर कार्यशाला में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- मध्य प्रदेश में 50 लाख बच्चों ने 5वीं क्लास तक एपल नहीं देखे होंगे। देखे होंगे तो बाजार में देखे होंगे। उन्हें सेब खाने का सौभाग्य नहीं है। अंजीर तो उनकी जिंदगी में 10वीं के बाद शायद ही आया हो। अनेक बच्चों को जब एक गिलास दूध चाहिए तब नहीं मिलता है। धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी की तरफ देखते हुए कहा कि ये हमारे मित्र रामेश्वर शर्मा बडे़-बडे़ भंडारे करते हैं। मैं उनसे निवेदन करता हूं कि अपने विधानसभा क्षेत्र में कम से कम हफ्ते में एक बार एक बच्चे को एक पीस अंजीर, दो काजू और एक बेसन का लड्डू मिल जाए। धर्मेंद्र प्रधान ने फूलों का गुलदस्ता दिए जाने पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि फूलों का गुलदस्ता भेंट किया जाता है। उसकी लाइफ 20 सेकेंड है। सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने के चक्कर में कई गुलदस्ते भेंट में मिलते हैं। मैंने एक गुलदस्ता का मूल्य निकाला तो औसतन 500 रुपया है। इतने पैसों में दो किलो सेब आ जाएंगे। सांसद पर फूट पड़ा खिलाड़ी का गुस्सा
सांसद जी ने इंतजार कराया तो उनसे लड़ गई खिलाड़ी। ये दिलचस्प वाकया हुआ छतरपुर जिले के चंदला में। महिला खिलाड़ी ने बीच ग्राउंड में सबके सामने भाजपा सांसद को खरी-खोटी सुना दी। हुआ यूं कि खजुराहो से भाजपा सांसद वीडी शर्मा सांसद खेल महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आए थे। वे दोपहर करीब 3 बजे वहां पहुंचे। जबकि खिलाड़ियों को सुबह 9-10 बजे ही ग्राउंड पर बुला लिया गया था। सांसद वीडी शर्मा ग्राउंड पर आए तो खिलाड़ियों से मुलाकात की। वे सभी से मिल रहे थे। नमस्ते कह रहे थे। तभी एक खिलाड़ी ने उनसे कहा- नमस्ते तो ठीक है, हम इतनी देर से इंतजार कर रहे हैं। हमारे पास फालतू टाइम है क्या ? ये सुनकर सांसद समेत मैदान पर मौजूद अधिकारी और दूसरे खिलाड़ी हैरान रह गए। हालांकि सांसद मुस्कुराए और खिलाड़ी को दुलार किया और फिर आगे बढ़ गए। इस वाकया का वीडियो सामने आने पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ कमेंट ये हैं- जब विधायक ने शुरू कर दी डॉक्टरी
रीवा के मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति ने तो गजब ही कर दिया। माननीय डॉक्टर के रूप में नजर आए। इंजीनियरिंग पास विधायक जब एक हादसे में घायल अपने समर्थक से मिलने पहुंचे तो वहां डॉक्टरी शुरू कर दी। विधायक ने कभी घायल के दोनों पैर ऊपर उठवाए तो कभी पैर चौड़े करवाए। मरीज के घुटने भी मुड़वाए। ये सब करने के बाद मुहर लगा दी कि सब कुछ ठीक है। इतना ही नहीं डॉक्टर की लिखी दवाई पर कहा कि इससे अच्छी दवाई तो मैं लिख दूंगा। वीडियो सामने आया तो लोग कहने लगे इंजीनियर साहब डॉक्टर कब से बन गए। चलो चेकअप कर लिया, ये दवाई कैसे लिखोगे ? कुछ लोग इसके मीम बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस ने खेत में उखाड़े गांजे के पौधे
नीमच में पुलिस फोर्स खेत में काम करती नजर आई तो हर कोई हैरान रह गया। पुलिस वाले कड़ी मशक्कत से खेत में कुछ पौधे उखाड़ रहे थे। जैसे किसान अपने खेत में निंदाई-खुदाई करता है, ठीक वैसे ही। फिर पता चला कि पुलिस तो गांजे के पौधे उखाड़ रही थी। दरअसल, चोरी-छिपे हो रही गांजे की खेती की जानकारी मिलने पर पुलिस यहां पहुंची थी। फसल के बीच गांजे के पौधे देखकर चौंक गई। फिर इन्हें हटाने के मिशन में जुट गई। खास बात ये है कि गांजे की ये खेती सरकारी जमीन पर की जा रही थी। जिसकी किसी को भनक भी नहीं लगी। अब लोग कह रहे हैं कि वाह क्या सिस्टम है। प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई और पता ही नहीं चला। इनपुट सहयोग- विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिलाष मिश्रा (रीवा), बबलू किलोरिया (नीमच) ये भी पढ़ें.. मंत्री विजयवर्गीय ने कमलनाथ से जताई करीबियां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव के दो साल पूरे होने वाले है। इसे लेकर भोपाल के हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने सीएम हाउस पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। उनके इस कदम को मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावना के बीच शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें..


