नीमच जिले के गांधी सागर जलाशय के डूब क्षेत्र में रेत माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खनिज, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने खानखेड़ी जीरो पॉइंट पर छापा मारा। इस दौरान 5 बड़े जहाज और 3 नावें जब्त की गईं। रील वायरल कर चुनौती देने वाले माफिया पर कार्रवाई प्रशासन ने यह कदम उस समय उठाया जब रेत माफिया ने एक रील वायरल कर खुली चुनौती दी थी। इस रील में प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया से अवैध खनन पर पूछे गए सवालों का ऑडियो इस्तेमाल किया गया था। माफिया ने इसे अपनी ताकत के रूप में पेश किया था। इसके बाद प्रशासन ने मंगलवार दोपहर से रात तक सघन कार्रवाई की। यह अधिकारी रहे माैजूद मनासा की एसडीएम किरण अंजना और खनिज अधिकारी गजेंद्र डाबर की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। खनिज विभाग के अनुसार, जब्त किए गए जहाज आधुनिक सक्शन मशीनों से लैस थे, जिनसे जलस्तर के नीचे बड़ी मात्रा में रेत निकाली जा रही थी। कलेक्टर बोले- कानून को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर रील वायरल कर या अवैध गतिविधियों से कानून को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी 8 नावों और जहाजों को जब्त कर खनिज अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि डूब क्षेत्र में अवैध खनन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू रहेगी और निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी।


