गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मितानिन: आनंद

भास्कर न्यूज | मुंगेली मितानिन दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत लोरमी के ग्राम पंचायत जोतपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मितानिनों के सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा में अद्वितीय योगदान को सलाम करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। मितानिन दिवस के अवसर पर, त्रिलोक कोशले द्वारा मितानिनों का सम्मान किया गया। ब्लॉक समन्वयक पुष्पा जांगड़े, पंचायत समन्वयक चंद्रकला राजपूत, एमटी आनंद खांडेकर और मितानिन बहनें- ललिता कुर्रे, राजकुमारी खांडेकर, तीजन टंडन का स्वागत श्रीफल, तिलक और साड़ी भेंट करके किया गया। एमटी आनंद खांडेकर ने कहा कि मितानिन गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि उनकी जागरूकता और समर्पण से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, मलेरिया, टीबी, दस्त और मानसिक स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में ग्रामीणों को लाभ मिला है। खांडेकर ने जोर देकर कहा, मितानिन छत्तीसगढ़ का गौरव हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में डब्ल्यूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) द्वारा वैश्विक स्तर पर भी मितानिनों के कार्य की सराहना की गई है। कार्यक्रम को त्रिलोक कोशले, गोवर्धन जांगड़े और पुष्पा जांगड़े ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन युवा नेता हेमंत खांडेकर ने किया व आभार प्रदर्शन पंच भुनेश्वर रात्रे ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रबली चतुर्वेदी, किसान संघ के जिला मंत्री अश्वा राम अनंत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अगरमन गायकवाड, बिमला कांत, उमा देवी पाटले आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *