गांव के करीब 25 से 30 घरों के लोग एकमात्र चापाकल पर निर्भर, यहां बोरिंग की गई थी पर पानी की कमी के कारण परेशानी

भास्कर न्यूज| बगोदर बगोदर प्रखंड की जरमुने पश्चिम पंचायत के पाकीटांड़ में दो साल से नल से पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में गर्मी की दस्तक के साथ ही पानी की किल्लत और बढ़ गई है। करीब 25 से 30 घरों के लोग एकमात्र चापाकल पर निर्भर हैं। वर्ष 2023 में नल जल योजना के तहत यहां बोरिंग की गई थी। साथ ही 5000 लीटर क्षमता की टंकी लगाई गई। स्ट्रक्चर खड़ा किया गया। लेकिन बोरिंग में पानी की कमी के कारण नियमित आपूर्ति नहीं हो सकी। पाकीटांड़ में तुरी समाज के लगभग 50 घर हैं। 25 घरों को नल जल योजना के तहत कनेक्शन दिए गए थे। अब पाइप टूटे पड़े हैं। आंगनबाड़ी केंद्र और उत्क्रमित मध्य विद्यालय को भी इसी टंकी से पानी मिलता था। अब इन संस्थानों में भी पानी की आपूर्ति बंद है। स्थानीय निवासी सूरज तुरी ने बताया कि नए बोरिंग से सिर्फ एक महीने तक ही पानी मिला। पानी की कमी के कारण पुरानी बोरिंग में मोटर लगाया गया। वहां पानी पर्याप्त है। लेकिन मोटर खराब है। मरम्मत के लिए ठेकेदार ने मिस्त्री नहीं भेजा। मोटर खोलकर रख िदया गया है। संवेदक दिनेश्वर महतो ने बताया कि 2023 में स्ट्रक्चर खड़ा किया गया था। 5000 लीटर की टंकी लगाई गई। उन्होंने माना कि बोरिंग में पानी की कमी है। ग्रामीणों के कहने पर पुरानी बोरिंग में मोटर लगाई गई। लेकिन मोटर के तार गायब हो गए। साथ ही मोटर से छेड़छाड़ हुई। इसी कारण पानी की आपूर्ति बंद है। फिलहाल पाकीटांड़ के लोग पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *