भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम बेलमांड में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम झलमला स्कूल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न हुआ। प्रातःकालीन प्रभात फेरी में स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों को नशा मुक्ति के हानिकारक प्रभावों से अवगत कराया और जोशीले नारे लगाए। इसके बाद व्यायाम और पीटी के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ स्वयंसेवक लक्ष कुमार साहू ने अनुशासन, कम्युनिकेशन स्किल्स और नेतृत्व क्षमता के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस बैच केवल प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। स्वयंसेवकों को बोर्ड परीक्षाओं और जीवन में सफलता के लिए समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत पर विशेष सलाह दी। विशेष अतिथि सागर नेताम ने युवाओं को सरकारी नौकरियां, उद्यमिता, स्किल डेवलपमेंट और उच्च शिक्षा के विकल्पों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने एनएसएस जैसी गतिविधियों को करियर निर्माण का मजबूत आधार बताते हुए आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने लोक नृत्य, गीत और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। कार्यक्रम अधिकारी गोमती भूआर्य ने कहा कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों में नि:स्वार्थ सेवा की भावना और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हुआ।


