बीती रात थाना क्षेत्र के गांव विडगवां में दो दलित दूल्हों की निकासी के दौरान डीजे के ऊपर चढ़कर डांस कर रुपए लुटाने पर कहासुनी के दौरान ग्रामीण व बारातियों में मारपीट हो गई। पुलिस ने शांतिभंग में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात विडगवां में एक जाटव समाज के व्यक्ति के घर दो बेटियों की शादी को लेकर खेडली बहादुर थाना गोविन्दगढ़ से बारात आई थी। तभी निकासी के दौरान कुछ बाराती डीजे के ऊपर चढ़कर डांस कर रुपए लुटाने लगे। जिसपर ग्रामीणों ने बच्चों के रुपए लूटने पर दुर्घटना की आशंका जताई। तभी ग्रामीण व बारातियों के बीच आपस में कहासुनी व मारपीट हो गई। घटना के दौरान दूल्हे के बहनोई के सिर में चोट लगने पर घायल होना बताया है। सूचना पर सीओ मनोज कुमार गुप्ता व थानाधिकारी राम भरोसी मीना मय जाप्ता मौके पर पहुचे। जहां दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए जनूथर, जालूकी व सीकरी आदि थानों का जाप्ता व क्यूआरटी को बुलाया गया। बाद में दोनों पक्षों को समझाइश कर शांत किया। और रात साढे 11 बजे दोनों विवाहिताओं की विदाई कराकर पुलिस वापिस लौट गई।


