भास्कर न्यूज | गिरिडीह एकता कल्चरल फाउंडेशन के तत्वावधान में पार्श्वगायक मो रफ़ी का 101वां जन्मदिन संगीतात्मक माहौल के बीच सोमवार देर शाम शहर के निजी होटल में मनाया गया। कार्यक्रम में कई नामचीन गायकों ने मो रफ़ी के सदाबहार गीतों को अपनी मधुर आवाज़ में प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एकता कल्चरल फाउंडेशन के अध्यक्ष बब्लू सानू ने की। उन्होंने स्वयं भी अपनी गायकी से समां बांधते हुए मुख्य अतिथियों और उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। सभी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर रफ़ी साहब को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण लेडीज सिंगर अंशु राणा रहीं, जिन्होंने बब्लू सानू के साथ युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने रफ़ी साहब के गीतों का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी कौशर अली, झामुमो नेता इरशाद अहमद वारिस, अभिषेक सहाय, कौशर अली, औरिद चंद्रा, गोपाल , दया शंकर सिंह एवं शबीर मास्टर थे। अतिथियों को बुके, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। आयोजन में फाउंडेशन के चेयरमैन राजेश सिन्हा, महासचिव पंकज शर्मा, सचिव कासिम खान, कोषाध्यक्ष तैयब बाबू, मैनेजर ताहिर इमाम, उपाध्यक्ष नवाजिश अख्तर, सह सचिव संदीप अग्रवाल सहित मुज़म्मिल, सैयुम, नदीम आरज़ू, अजय ताती, कादिर, राजेश चंद्रवंशी, हाकिम अंसारी, टिंकू खान, मजहर, नौशाद एवं ताबारक का सराहनीय योगदान रहा।


