अखिल विश्व गायत्री परिवार ने सर्व पितृ अमावस्या के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए निशुल्क सामूहिक पितृ तर्पण अनुष्ठान संपन्न हुआ। गायत्री शक्ति पीठ के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमेश मिस्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शास्त्रोक्त विधि से पितरों का तर्पण कराया। मुख्य प्रबंध ट्रस्टी रंजना देवी ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के साथ-साथ दूर-दराज के गांवों से भी लोग शामिल हुए। इस आयोजन में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। सामाजिक प्रतिबंधों को तोड़ते हुए घर की मुखिया महिलाओं ने भी अपने पितरों का तर्पण किया। कार्यक्रम में देव तर्पण, ऋषि तर्पण, पितृ तर्पण, भीष्म तर्पण, यम तर्पण के साथ-साथ महापुरुषों और दिवंगत सैनिकों का भी सामूहिक तर्पण और पिंडदान किया गया। समारोह के अंत में पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें पितरों के निमित्त ‘ओम पितृ देवतायः नमः’ की आहुतियां दी गईं। कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ के जिला संयोजक कन्हैयालाल पुरोहित, उपप्रधान ट्रस्टी लीला देवी, ट्रस्टी संतोष प्रजापत समेत कई लोग मौजूद रहे।


