भास्कर न्यूज | बेमेतरा ग्राम सिलघट (भिंभौरी) में बुधवार को कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना तिवारी विशेष रूप से शामिल हुईं। यह कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में वेदमाता गायत्री, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं भगवती देवी शर्मा के संरक्षण में प्रारंभ हुआ। सिलघट में 10 से 13 दिसंबर तक तीन दिवसीय 108 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ, 108 जोड़ों का सामूहिक विवाह और 1008 गर्भवती माताओं का गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित किया। कहा कि गायत्री परिवार उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, गर्भोत्सव, आदर्श विवाह और 1008 माताओं का गर्भसंस्कार सिर्फ आस्था के कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज निर्माण, संस्कार निर्माण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में पवित्र कदम हैं। यह पीढ़ियों को संस्कार देता है, परिवारों को एकता प्रदान करता है और समाज को शुद्ध दिशा दिखाता है। आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन, क्षेत्रवासी और ग्रामवासी भी सक्रिय रूप से कलश यात्रा में शामिल रहे। बाजा, पुष्पवृष्टि और जयकारों के साथ कलश यात्रा निकली गई। कार्यक्रम के तहत 10 दिसंबर को कलश यात्रा, 11 दिसंबर को 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, 12 दिसंबर को 1100 गर्भवती माताओं का विशेष गर्भोत्सव संस्कार और 13 दिसंबर को 108 जोड़ी आदर्श विवाह संस्कार संपन्न होंगे। इस दौरान संत राम बालक दास महाराज एवं पाटेश्वर आश्रम बालोद के संतगण विशेष सत्संग और आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी, दुर्गा प्रसाद टिकरिहा, ओमकरण साहू, संदीप परगनिहा, राजेश वर्मा, मनोज वर्मा, चंद्रहास वर्मा, दिलीप टिकरिहा, अश्वनी परगनिहा, यशवंत वर्मा, रामशंकर पटेल हरिद्वार, सत्यभामा परगनिहा, तोरण नायक, प्रेमलाल बबला वर्मा, ललिता टिकरिहा, सालिक राम वर्मा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी शामिल हुए।


