बिलौआ में गिट्टी खदान के वर्चस्व को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग का मामला सामने आया है। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग राइफलों से गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से पूरे क्रेशर मार्केट इलाके में दहशत फैल गई है। अंचल के क्रेशर मार्केट में विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार मामला सीधे फायरिंग तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो पक्ष आमने-सामने खड़े होकर अपनी-अपनी राइफलों से गोलियां चला रहे हैं। खदानों के बीच हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय क्रेशर संचालकों और मजदूरों में भय का माहौल है। वर्चस्व को लेकर होने वाले ये विवाद अक्सर हिंसक रूप ले लेते हैं, जिससे सामान्य कारोबार प्रभावित हो रहा है। पिछले दो महीनों में इस क्षेत्र में 10 से अधिक विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रॉयल्टी विवाद में पहले भी चल चुकी है गोली
10 जनवरी को रेत परिवहन के दौरान रॉयल्टी की पर्ची को लेकर कारोबारी दलवीर रावत और रेत कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी फायरिंग में बदल गई। इस दौरान दलवीर रावत के पैर में गोली लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने बुद्धा गोस्वामी सहित तीन आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, शनिवार को क्रेशर मार्केट में विवाद की सूचना मिली थी। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।’ -इला टंडन, थाना प्रभारी, बिलौआ


