सीबीआई ने सीसीएल की गिद्दी-सी परियोजना के लोकल सेल में अवैध वसूली मामले में सात नामजद आरोपियों को रांची से गिरफ्तार किया है। इनमें परियोजना के एक मैनेजर, एक क्लर्क और एक सुरक्षा गार्ड के अलावा चार अन्य लोग हैं। सभी को मंगलवार को रांची की विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने भ्रष्टाचार के आरोपी सभी लोगों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार लोगों में तत्कालीन सुरक्षा अधिकारी सह डिस्पैच ऑफिसर अनिल कुमार, लोकल सेल कार्यालय कर्मी दीपक कुमार, सुरक्षा कर्मी नरेश कुमार, कोयला व्यवसायी सह लिफ्टर मो. तबारक, सद्दाम अंसारी, अरुण लाल व लोकल सेल संचालन से जुड़े इसराइल अंसारी शामिल हैं। सीबीआई ने सोमवार को भी इन सभी को पूछताछ के लिए रांची बुलाया था। आरोप है कि इनलोगों ने रिश्वत लेकर कोयले की रोड सेल के दौरान कोयला लिफ्टर को अवैध रूप से कोयला उठाने की अनुमति दी थी।


