भास्कर न्यूज | चतरा लाला प्रीतम बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा संकाय के बीएड व डीएलएड प्रशिक्षु शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं एलपी इवनिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से मतदान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए शपथ लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतीश कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षित युवा वर्ग के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न प्रकार के संगठनों की सहायता से निष्पक्ष व स्वच्छ मतदान के प्रति वाद- विवाद,संगोष्ठी,चित्र कारी निबंध लेखन पेंटिंग जैसे कार्यक्रम जो पाठ्य सहगामी क्रिया के अंतर्गत आते भी हैं उनका सहयोग लेकर समाज के सुदूरवर्ती क्षेत्रों मैं निवास करने वाले लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा सकता है। व्याख्याता सह समन्वयक रंजीत कुमार ने कहा कि इस दिवस की प्रासंगिकता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि किसी भी राष्ट्र की सर्वोच्च शक्ति संविधान निर्देशित लोकतंत्र में निहित है। सुदृढ़ और समर्थ लोकतंत्र का आधार मतदाता ही होते हैं। प्रशिक्षु शिक्षिका काजल कुमारी व मधु कुमारी ने मतदाता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग जिसकी स्थापना 25 जनवरी 1950 ई को हुई थी। उसकी 61वी वर्षगांठ के अवसर पर 25 जनवरी 2011 को प्रथम राष्ट्रीय मतदाता दिवस का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षु पुष्पा कुमारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस वर्ष 2026 की थीम- मेरा भारत,मेरा वोट है। प्रशिक्षण महाविद्यालय की निर्देशिका प्रो ललिता कुमारी ने कहा कि मतदाता दिवस लोकतंत्र के प्रति आस्था एवं विश्वास की समृद्धि का पर्व है। स्वयं तो मतदान करें ही साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में प्रशिक्षक बाबर अली, गुलजार हुसैन, राजेश्वर साव, प्रकाश कुमार, बबीता कुमारी, नूतन कुमारी, जीडी मिश्रा आदि उपस्थित थे। भास्कर न्यूज| गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर से बीते 28 दिसंबर को गुमशुदा 14 वर्षीय मुन्नी कुमारी का शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार को उसके परिजन को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे।मुन्नी का शव 28 वे दिन पर बीते शनिवार को थाना क्षेत्र गांगपुर गांव के नवकी बांध पहाड़ के खोह से बरामद किया है।शव मिलते ही पुलिस देर रात तक पहाड़ी पर ही जांच करती रही।सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल सहित अन्य पुलिस कर्मी जांच को लेकर पहाड़ी पर ही रात तक रुके थे।उक्त मौत की गुत्थी सुलझाने को लेकर पुलिस घटनास्थल पर खोजी कुत्ते से भी जांच किया।पुलिस क्षेत्र में लगातार इसे ढूंढने के लिए जंगल पहाड़ तथा आस पास के गांव में सर्च अभियान चलाई,ड्रॉन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया।यहां तक गुमशुदा बच्ची के संबंध में जानकारी देने वालों के लिए इनाम भी घोषित किया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार जयगुरुदेव से जुड़े तांत्रिक के आधार पर बच्ची का शव ढूंढा गया। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करते हुए मामले में दोषी तक पहुंचने में जुटी है। हजारीबाग | गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने रविवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया। यह शिविर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में लगा। शिविर का शुभारंभ सूरज जैन, शुभम जैन व यसी जैन तीनों भाई बहन ने रक्तदान कर किया। इनके बाद सुनील जयसवाल और अमरदीप रावत आदि रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। रक्तदान के बाद वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन ने सभी रक्त दाताओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद दिया। सभी रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन द्वारा 26 जनवरी को भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को सफल बनाने में एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन महासचिव विनीत छाबड़ा कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल मेडिकलकॉलेज के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।


