गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको गांव में गुरुवार रात एक जंगली हाथी ने उत्पात मचाया। हाथी ने गांव के एक स्कूल की चहारदीवारी और सरस्वती पूजा पंडाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्कूल परिसर में सरस्वती पूजा की तैयारियां चल रही थीं। हाथी ने तैयार किए गए पूजा पंडाल और स्थापित प्रतिमा को पूरी तरह तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी रात के अंधेरे में अचानक स्कूल में घुस आया और यह नुकसान पहुंचाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, पूजा समिति और ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। लोगों में हाथी की वजह से दहशत का माहौल है। प्रभावितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की घटना की सूचना मिलने पर विधायक नागेंद्र महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल वन विभाग को घटना की जानकारी दी और प्रभावितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ रही है, इसलिए वन विभाग को निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस उपाय करने चाहिए। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से क्षतिपूर्ति के साथ-साथ हाथियों को गांव में प्रवेश करने से रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात में सतर्क रहने को मजबूर हैं।


