गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कुलगो टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर और अर्टिगा कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बीच से दो हिस्सों में बिखर गया। इसका इंजन, डाला और केबिन सड़क पर काफी दूर तक फैल गए। वहीं अर्टिगा कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। मंजर इतना भयावह था कि ग्रामीणों को लगा कि किसी न किसी की जान जरूर गई होगी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों गाड़ियों में केवल ड्राइवर ही थे। मामूली रूप से घायल कार चालक को ग्रामीणों ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। हजारीबाग से धनबाद जा रही थी कार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना तब हुई जब ट्रैक्टर खेत की ओर मुड़ रहा था। उसी समय हजारीबाग से धनबाद की ओर जा रही अर्टिगा कार तेज रफ्तार में पहुंची और बेकाबू होकर सीधे ट्रैक्टर में जा घुसी। ग्रामीणों ने बताया कि कार की गति इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद उसके एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे चालक की जान बच सकी। टक्कर में ट्रैक्टर का ढांचा पूरी तरह टूट गया और उसके हिस्से सड़क पर बिखर गए। कार भी उलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मिलकर सड़क पर फैले मलबे को हटाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, क्योंकि टूटा हुआ ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त कार बीच सड़क पर पड़े थे। पुलिस ने हटवाया मलबा, रास्ता खुला सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर के बिखरे हिस्सों और कार को सड़क से हटवाया। इस काम में करीब आधे घंटे का समय लगा, जिसके चलते इस दौरान सड़क पर यातायात बाधित रहा। बाद में मार्ग को पूरी तरह से साफ कर आवागमन सामान्य किया गया। डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई है, यह बड़ी राहत की बात है।


