गिरिडीह में छात्रा की सड़क हादसे में मौत:परिजनों ने ट्रामा सेंटर में की तोड़फोड़, दूसरे दिन किया गया पोस्टमॉर्टम

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर एक सड़क दुर्घटना में कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम में देरी से आक्रोशित परिजनों ने शनिवार को बगोदर ट्रामा सेंटर में तोड़फोड़ की। मृतका की पहचान अटका के यमुनानगर निवासी आशा बाला कुमारी के रूप में हुई है, जो घाघरा साइंस कॉलेज में डिग्री की छात्रा थी। आशा बाला कुमारी शुक्रवार को कॉलेज से घर जाने के लिए वाहन पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बगोदर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल से हुई देरी घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर लाया गया। हालांकि, वहां कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल के कारण पोस्टमॉर्टम करने से इनकार कर दिया गया। परिजनों ने लगातार बगोदर ट्रामा सेंटर में ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की, जिसके चलते शव दूसरे दिन शनिवार को भी वहीं पड़ा रहा। शनिवार को परिजनों ने कई घंटों तक आउटसोर्सिंग कर्मियों से पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया। करीब तीन-चार घंटे तक बातचीत विफल रहने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बगोदर विधायक नागेंद्र महतो भी ट्रामा सेंटर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन शुरू की। बगोदर विधायक नागेंद्र महतो भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात कर पूरी जानकारी ली और समाधान का आश्वासन दिया। घटना के बाद से बगोदर ट्रामा सेंटर परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया था । इधर, बगोदर थाना प्रभारी बिनय कुमार यादव ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया। इसी को लेकर परिजनों ने तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची और मामला को शांत कराया। उसके बाद अन्य कर्मियों से पोस्टमॉर्टम कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *