​​​​​​​गिरिडीह में तालाब में डूबने से मासूम की मौत:खेलने के दौरान हुआ हादसा, दूसरे बच्चे को सुरक्षित बचाया गया; गांव में पसरा मातम

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत मनकडीहा पंचायत के ग्राम मंडरखा में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। गांव के समीप स्थित तालाब में डूबने से करीब पांच वर्षीय एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू राणा का पुत्र घर के पास खेलते-खेलते तालाब की ओर चला गया। इसी दौरान तालाब के पास हलचल देख ग्रामीण वहां पहुंचे तो एक बच्चा पानी में डूबता हुआ नजर आया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तालाब से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उस समय किसी को यह अंदेशा नहीं था कि दूसरा बच्चा भी तालाब में डूब गया है। मासूम का शव पानी में उपलाता मिला कुछ देर बाद जब बच्चे की मां ने अपने बेटे को आसपास नहीं पाया तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों को जानकारी मिली कि दोनों बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसके बाद लोग दोबारा तालाब पहुंचे, जहां मासूम का शव पानी में उपलाता मिला। यह दृश्य देख परिजनों समेत ग्रामीणों के होश उड़ गए। आनन-फानन में बच्चे को तालाब से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तालाब में डूबने से एक बच्चे की मौत हुई है। परिजनों द्वारा आवेदन देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *