गिरिडीह में चोरों ने 12 लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बीती रात बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत भरकट्टा ओपी के गुरहा गांव में पांच घरों में चोरी की। इनमें से तीन घर सगे भाइयों का है। इधर, इस घटना के बाद से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। गुरहा गांव में तीन सगे भाइयों में दो रिटायर्ड शिक्षक भागीरथ विश्वकर्मा, केदार विश्वकर्मा और तीसरे भाई शिक्षक नारायण विश्वकर्मा के अलावे सहदेव महतो एवं हरिहर यादव के घरों में चोरों ने लगभग 12 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया। कांसा और पीतल का सामान गायब कर दिया रिटायर्ड शिक्षक भागीरथ विश्वकर्मा के बंद मकान में ताला तोड़कर चोर घुसे और अलमीरा में रखे 4 लाख के जेवर, 50 हजार रुपए नगद और कई कीमती सामान समेत 6 लाख की संपत्ति चुरा ली। वहीं, केदार विश्वकर्मा के घर से करीब 80 हजार रुपए के कांसा और पीतल का सामान गायब कर दिया। शिक्षक नारायण विश्वकर्मा के घर प्रथम तले के एक मकान का ताला तोड़ कर लगभग 2 लाख का जेवर समेत 30 हजार के बर्तन की चोरी कर ली। इसके अलावा हरिहर यादव के घर से 50 हजार के दो सेट का कांसा और पीतल के बर्तनों की चोरी कर ली। सपरिवार दिल्ली में रहने वाले सहदेव महतो के बंद घर का ताला तोड़ कर घर में रखे बक्से से लगभग 80 हजार रुपए के चांदी के जेवर समेत पीतल और कांसा के बर्तन लेकर चलते बने।


