गिरिडीह में शनिवार को तेज रफ्तार सब्जी लदे पिकअप वैन ने बाइक सवार युवक को ठोकर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद पिकअप वैन एक पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसा बेंगाबाद थाना क्षेत्र के डाकबंगला के पास हुआ। वहीं, पुलिस ने पिकअप वैन ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के डाकबंगला नगरी निवासी नवल किशोर सिंह के रूप में की गई। नवल किशोर सिंह बाइक से अपने रिश्तेदार के यहां जसीडीह कोइरीडीह जाने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वो डाक बंगला के पास पहुंचा, तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नवल किशोर के सिर पर गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से नवल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


