गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र स्थित बरवाडीह गांव में 12 वर्षीय साजन कुमार की कुएं में डूबने से मौत हो गई। लोगों ने उसके शव को जमीन में दफन कर दिया। घटना शनिवार की है। इधर, मृतक के भाई की शिकायत पर रविवार को पुलिस ने बच्चे के शव को जमीन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। साजन स्कूल में अपने दोस्तों के साथ आम खा रहा था। शौच के बाद पानी लेने के लिए वह स्कूल के पास स्थित कुएं में उतरा। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके दोस्त कुएं के पास गए। वहां उन्होंने साजन को पानी में डूबता देखा। बच्चों ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीणों ने कुएं से शव को निकाला। मृतक की मां की सहमति से बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया गया। भाई ने एसपी को किया सूचित दिल्ली में रह रहे मृतक के बड़े भाई को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उसने गिरिडीह एसपी को सूचित किया। एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, बीडीओ मनीष कुमार और थाना प्रभारी रंजय कुमार की टीम मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने दफन शव को बाहर निकाला। मामले की जांच के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।


