गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के हरलाडीह में शुक्रवार देर रात मवेशी चोरी की कोशिश को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने दो युवकों को मवेशी चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा, जो एक कार में मवेशी लादने का प्रयास कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात कुछ संदिग्ध गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने देखा कि दो युवक एक कार में मवेशी चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें रस्सी से बांधा और उनकी पिटाई की। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को छुड़ाया इसी दौरान ग्रामीणों ने चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे कार को भी कब्जे में ले लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें कुछ रस्सियां और उपकरण भी मिले, जिनका उपयोग चोरी के लिए किया जाता था। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को छुड़ाया और उन्हें थाना ले जाकर पूछताछ शुरू की। पीरटांड थाना प्रभारी दीपेश शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई। उन्होंने कहा कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार मवेशी चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश था। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। शनिवार को ग्रामीणों ने किया सड़क जाम वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की गश्त और निगरानी कमजोर होने के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने प्रशासन से इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने और मवेशी चोरी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और स्थिति सामान्य हो गई।


