गिरिडीह में मां-बेटी की फंदे से लटकी मिली लाश:परिजनों को सुबह मिली घटना की जानकारी, पति ने कहा-लोन लेने के बाद से थी परेशान

गिरिडीह में सोमवार को घर के कमरे में मां-बेटी की फांसी के फंदे से लटकी लाश बरामद की गई। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव की है। मृतक के परिजनों ने दोनों के सुसाइड करने की आशंका जाहिर की है। मृतक महिला के पति के अनुसार, लोन लेने के बाद से वसूली के लिए आ रहे फोन कॉल से वो परेशान थी। इस घटना की जानकारी परिजनों को सुबह में हुई। मृतका की पहचान पुतुल देवी (35) और बेटी स्नेहा कुमारी (15) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, पुतुल देवी ने किसी महिला स्वयं सहायता समूह से लोन लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने परिवार को नहीं दी थी। मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं: पति लोन की किस्तों को लेकर लगातार फोन कॉल और कथित दबाव के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। मृतका के पति सोनू राम ने बताया कि पुतुल देवी अक्सर तनाव में रहती थीं और कई बार रोती भी थीं, लेकिन पूछने पर अपनी परेशानी साझा नहीं करती थीं। परिजनों को इस घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सोमवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर जब दरवाजा खोला गया तो मां और बेटी को घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका पाया गया। क्षेत्र में हो रही अलग-अलग चर्चाएं
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीणों ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और मातम पसर गया। इधर, दोनों शव मिलने के लिए बाद से क्षेत्र में अलग-अलग चर्चाएं हो रही है। लोगों का कहना है अगर लोन लेने से मां परेशान थी तो बेटी ने सुसाइड क्यों किया। सूचना पाकर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में दो लोगों द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। -जीतवाहन उरांव, सदर एसडीपीओ

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *