गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड स्थित पालमो गांव में लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को विकट बना दिया है। तेज बारिश की वजह से गांव के निवासी जगदीश साव के मकान के सामने बना गार्डवाल बह गया है। गार्डवाल के टूटने से उनके मकान पर खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि मकान गार्डवाल के ठीक पास है। पास में स्थित पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। पंचायत प्रतिनिधि ने लिया जायजा घटना की जानकारी मिलते ही पालमो पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तुरंत संबंधित विभाग व मुफ्फसिल थाना को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम भी गांव पहुंची और हालात की समीक्षा की। ग्रामीणों का प्रयास – मिट्टी और बोरियों से रोक रहे कटाव स्थानीय लोग अपने स्तर पर राहत कार्य में जुटे हैं। ग्रामीण मिट्टी और बालू से भरी बोरियों का उपयोग कर कटाव रोकने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इसे अस्थायी समाधान बताया। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में तेज जलप्रवाह से गार्डवाल और पुलिया को नुकसान होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए और कमजोर संरचनाओं को मजबूत किया जाए। उनका कहना है कि यदि स्थायी समाधान किया गया तो हर साल आने वाली इस समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।


