गिरिडीह में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत:पति हिरासत में, पुलिस जांच जारी; 6 महीने पहले हुई थी शादी

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय पंचायत के पनियाय गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका सूरजमुनि मरांडी के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब सामने आई, जब परिजनों ने सूरजमुनि को मृत पाया। मृतका की सास के अनुसार, सोमवार शाम को सूरजमुनि ने जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे तिसरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है। दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था मृतका के परिजनों ने बताया कि सूरजमुनि की शादी लगभग छह महीने पहले हुई थी। वह हाल ही में सोहराय पर्व के लिए मायके आई हुई थी। सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद परिजनों ने समझा-बुझाकर सूरजमुनि को उसके ससुराल पनियाय भेज दिया था। उसी रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता अरुण मरांडी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के गले पर दाग के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मृतका के पति अशोक मुर्मू को हिरासत में लेकर लोकाय थाना ले गई है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *