रांची | झारखंड वॉलीबाल संघ ने गिरिडीह में व्यावसायिक संस्थान द्वारा सेलेक्शन ट्रायल कराए जाने पर आपत्ति जताई है। झारखंड वॉलीबॉल संघ के सचिव शेखर बोस ने राज्य के खेल निदेशक को पत्र लिखकर ट्रायल स्थगित करते हुए मान्यता प्राप्त झारखंड वालीबाल संघ या राज्य सरकार द्वारा ही इसे कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की एडहॉक कमेटी ने कुछ राज्यों में संघ में विवाद मानते हुए राज्य सरकार द्वारा ट्रायल कर टीम तैयार करने का अनुरोध किया गया। झारखंड में वॉलीबाल संघ को लेकर विवाद नहीं है। झारखंड वॉलीबाल संघ ही एकमात्र संस्था है, जो झारखंड ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त है। फिर भी सरकार ने वॉलीबॉल संघ के बजाए झारखंड ओलंपिक संघ को खिलाड़ियों का ट्रायल लेने के लिए पत्र जारी किया। इसके बाद फिर ट्रायल गिरिडीह में कराने का निर्देश दे दिया गया। बता दें िक आगामी 7 से 13 जनवरी तक जयपुर में राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना है। भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की एडहॉक कमेटी ने सरकार से ट्रायल कराकर टीम भेजने का अनुरोध किया था।


