बलौदाबाजार के गिरौदपुरी धाम में 4 से 6 मार्च 2025 तक तीन दिवसीय गुरुदर्शन मेले का आयोजन होगा। शनिवार को जिला पंचायत सभागार में गुरु बालदास साहेब की अध्यक्षता में मेला आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में राजमाता गुरु प्रवीण माता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और राजमहंतगण मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कलेक्टर दीपक सोनी और एसएसपी विजय अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास के सम्मान में लगने वाला यह मेला सबकी भागीदारी से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी धाम मानव आस्था का केंद्र है, जहां किसी तरह का भेदभाव नहीं है। उन्होंने उपद्रवी तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने बताया कि यहां लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। शासन ने विशाल जैतखाम का निर्माण कराया है और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं। आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने मेला समिति के सदस्यों से मेला अवधि में स्वयं उपस्थित रहकर व्यवस्था पर नजर रखने को कहा। उन्होंने मेला समाप्ति के बाद परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। कलेक्टर दीपक सोनी ने बैठक का संचालन करते हुए इस वर्ष के मेले के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।


