चूरू | खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित सक्षम व्यक्तियों को स्वेच्छा से योजना से नाम हटवाने के लिए गिव-अप अभियान चलाया जा रहा है। डीएसओ सुरेंद्र महला ने बताया कि अभियान के तहत अब तक जिले में 75 से अधिक परिवारों ने स्वेच्छा से योजना से नाम हटाने के लिए फॉर्म जमा किए हैं। इन परिवारों के 375 सदस्यों के आदेश जारी कर योजना से नाम हटा दिए गए हैं। अभियान 31 जनवरी तक जारी रहेगा। आयकर दाता, चार पहिया वाहन धारक, सरकारी कर्मचारी और अन्य सक्षम व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अभियान के तहत अपना नाम योजना से हटवाएं। 31 जनवरी के बाद विभाग की ऐसे अपात्र परिवारों पर वसूली के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


