भास्कर न्यूज | सोनहत कोरिया वन मंडल और प्रबल आधार सेवा संस्था के संयुक्त प्रयास से ब्लॉक मुख्यालय महादेव चौक में शुक्रवार को अग्नि बचाव और वन सुरक्षा जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में नृत्य और उद्बोधन के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि महुआ चुनने के दौरान जंगल में आग न लगाई जाए। वन विभाग ने आग लगाने के नुकसान के बारे में समझाया, जिससे पेड़-पौधों को और जीव-जंतुओं को नुकसान होता है। इसके अलावा लोगों को पेड़ों की कटाई न करने और आसपास के लोगों को भी इस संबंध में जानकारी देने का निर्देश दिया गया। वन विभाग के अनुसार, हर वर्ष महुआ के लिए जंगलों में गिरे पत्तों को साफ करने के दौरान आग लगाई जाती है, जिससे सैकड़ों पेड़-पौधे और जीव-जंतु नष्ट हो जाते हैं। इस वर्ष विभाग ने इसे रोकने के लिए नृत्य-गीत और जन-जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को सावधान किया है।


