दंतेवाड़ा जिले की व्यावसायिक नगरी गीदम में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाबा रामदेव मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। सुबह 10 बजे से मंदिर परिसर में पूजा अर्चना के दौरान रामायण एवं भजन का भी आयोजन किया गया। इसके पश्चात शाम 4 बजे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। वहीं शाम 6 बजे से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के बाबा रामदेव मंदिर से शुरू होकर हारम तिराहे व वापस नगर पंचायत कार्यालय से बाबा रामदेव मंदिर पहुंची। इस भव्य शोभायात्रा में भगवान स्वरूप रथ पर विराजमान छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता व हनुमान जी की वेशभूषा धारण किए हुए थे, जो पूरे शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं रथ के सामने चल रहे बस्तर का ढोल नृत्य मानो इस रथ की शोभा दोगुनी कर रहा हो। इधर शोभायात्रा में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं में भी उत्साह देखा गया। लोग भगवान श्री राम की भक्ति में डीजे के धुन पर जमकर झूमते व थिरकते नजर आए। जगह-जगह आतिशबाजी कर जश्न भी मनाया गया। इधर शोभायात्रा विराम के बाद बाबा रामदेव मंदिर में भगवान श्री रामजी की आरती की गई इसके पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ। इधर इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रीराम जन्मोत्सव समिति गीदम के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने नगर के सभी रामभक्तों का आभार भी जताया। आतिशबाजी को देखते हुए तैनात रही फायर ब्रिगेड रामनवमी पर्व में शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसके लिए फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था करवाई गई थी। गौरतलब है कि शोभायात्रा के दौरान आतिशबाजी के वक्त या किसी अन्य कारणों से आगजनी जैसी किसी प्रकार की घटना न हो इसका भी ध्यान समिति द्वारा बारीकी से रखा गया था नतीजतन शोभायात्रा में फायर ब्रिगेड की तैनाती विशेष तौर देखी गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए गीदम पुलिस की टीम भी पूरे आयोजन के दौरान तैनात रही।


