झारखंड के एक श्रमिक की 10 साल की बेटी के साथ गुजरात के भरूच में दुष्कर्म हुआ है। इसकी जानकारी मिलते ही सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, एडीजी सुमन गुप्ता और समाज कल्याण निदेशक किरण पासी को चार्टड विमान से भरूच भेजा। तीनों ने पीड़ित बच्ची और परिवार से मुलाकात की। मंत्री सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई। उनसे गुजरात में काम कर रहे झारखंड के श्रमिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा की मांग की गई है। दौरे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बच्ची को सही और पर्याप्त इलाज मिल सके। गुजरात सरकार से हमने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले को फर्स्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाए, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके। मंत्री ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपए का चेक और 50 हजार रुपए नकद भी दिए। वहां के चिकित्सकों से अनुरोध किया गया है कि अगर बच्ची को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में ले जाना हो, तो इसकी सूचना दें। झारखंड सरकार एयर एबुलेंस उपलब्ध कराएगी और इलाज भी कराएगी। बच्ची की हालत नाजुक है।


