प्रतापगढ़ जिले की पाल ग्राम पंचायत के तलाई पाल गांव की रहने वाली इंदिरा मीणा (22) पुत्री कान्हा मीणा गुजरात के कच्छ जिले के कधेराई गांव में बोरवेल में गिर गई। इंदिरा हर साल अपने भाई के साथ मजदूरी के लिए गुजरात जाती थी और खेती के काम में सहयोग करती थी। हादसा सोमवार सुबह हुआ। युवती करीब 30 फीट की गहराई में फंसी है, जबकि बोरवेल की गहराई 540 फीट बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रतापगढ़ प्रशासन को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, कलेक्टर ने तुरंत युवती के परिजनों से संपर्क कर उन्हें कच्छ रवाना किया। साथ ही कलेक्टर ने गुजरात प्रशासन से बातचीत कर इंदिरा को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने का अनुरोध किया। तलया सरपंच मिट्ठू लाल ने बताया-इंदिरा अविवाहित थी और अपने परिवार के साथ मजदूरी करती थी। युवती समेत परिवार में 5 भाई बहन हैं। जिसमें चार बहन और एक भाई है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। युवती परिवार में रिश्ते के भाई के सथ एक महीने पहले मजदूरी के लिए गुजरात गई थी। 7 महीने पहले युवती के माता पिता का निधन हो गया था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। लड़की के भाई सूरज को गुजरात भेजा गया है।


