गुजरात से धोखाधड़ी के आरोपी को भीलवाड़ा लेकर आ रहे पुलिसकर्मियों की कार उदयपुर में पलट गई। कार में 3 पुलिसकर्मी, आरोपी और चालक सवार थे। कार पलटने से पांचों उसमें बुरी तरह फंस गए। हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं 2 पुलिसकर्मियों सहित चारों जनों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। मृतक पुलिसकर्मी सवाईमाधोपुर के रहने वाले थे। उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। हादसा उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर आज सुबह करीब 5 बजे का है। उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे पर हादसा
हादसा उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे-27 पर आज सुबह हुआ। हाईवे मोबाइल पेट्रोलिंग टीम के कॉन्स्टेबल बाबूलाल ने बताया- आज सुबह करीब 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गोगुंदा थाना क्षेत्र में खाखड़ी के पास रामनिवास होटल के सामने एक कार पुलिया के पास क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी है। कार पूरी तरह से पिचकी हुई है। एएसआई सहित चार घायल
कॉन्स्टेबल ने बताया- मौके पर पहुंचे तो उसमें सवार पांचों लोग फंसे हुए थे। मौके पर क्रेन को बुलाकर कार को सीधा करवाकर सभी को निकाला गया। घायल 3 पुलिस की वर्दी में थे। उनमें से एक पुलिसकर्मी सवाईमाधोपुर के कुंडेरा थाना क्षेत्र के रायताखुर्द मूल निवासी देवनारायण गुर्जर की मौत हो गई। वहीं 2 पुलिसकर्मी एएसआई बंशीलाल, सिपाही सुनील कुमार सहित कार चालक बलवंत जाट और आरोपी अल्फाज मंसूरी को घायल हालत में गोगुंदा सीएचसी में भर्ती करवाया गया। वहां से उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में रेफर किया गया। धोखाधड़ी के आरोपी लेकर आ रहे थे पुलिसकर्मी
भीलवाड़ा के बीगोद थाने के इंस्पेक्टर जय सुल्तान सिंह कविया ने बताया- अनाज लेने के बाद पेमेंट नहीं करने को लेकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज था। आरोपी अल्फाज मंसूरी निवासी मेहसाणा (गुजरात) पकड़ने के लिए थाने की टीम 29 अप्रैल को मेहसाणा गई थी। टीम में थाने के एएसआई बंशीलाल, सिपाही सुनील कुमार और देवनारायण शामिल थे। टीम आरोपी को डिटेन करने के बाद गुजरात से रवाना होकर बीगोद (भीलवाड़ा) आ रही थी। रास्ते में आज उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे पर हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना के बाद बीगोद थाने की एक टीम गोगुंदा के लिए रवाना हो गई है। चार महीने पहले ही बिगोद थाने में आए थे मृतक पुलिसकर्मी हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी देवनारायण चार महीने पहले ही बिगोद थाने में आए थे। इससे पहले वे शाहपुरा पुलिस थाने में पोस्टेड थे। उनके तीन बेटियां है और पत्नी हाउस वाइफ है। उनके साथियों का कहना है कि वे हंसमुख, टैलेंटेड और होशियार थे। सबकी मदद करने में भी आगे रहता था। कार पलटी या टक्कर मारी…
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि कार बेकाबू होकर पलटी या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस मामले को लेकर हर पहलू पर जांच कर रही है। गोगुंदा में ही किया पोस्टमार्टम पुलिसकर्मी देवनारायण गुर्जर का गोगुंदा में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। यहां पर देवनारायण के भाई चेतराम आए थे। इस दौरान एडिशनल एसपी पारस जैन, उदयपुर के एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, मांडलगढ़ डिप्टी बाबूलाल, गिर्वा डिप्टी सूर्यवीर सिंह सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। सभी ने देवनारायण के पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित किए। इनपुट : लखन सालवी, गोगुंदा


