सिटी रिपोर्टर| दुर्ग बिजली लाइनों का नियमित रखरखाव जरूरी है। ऐसा करने से ही गुणवत्तापूर्ण और लगातार बिजली आपूर्ति की जा सकती है। यह निर्देश राज्य पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के एमडी भीम सिंह कंवर ने बिजली कंपनी के मैदानी अधिकारियों को दी है। दरअसल एमडी दुर्ग और बालोद जिले में चल रहे रिवैम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना (डीए-जेजीयूए) के कार्यों की समीक्षा करने शुक्रवार को क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने अफसरों को कार्यों में तेजी, उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक कंवर ने बालोद जिले के दल्लीराजहरा स्थित चिखलकसा उपकेंद्र में आरडीएसएस योजना के तहत हो रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य को त्वरित पूरा करने कहा । बालोद जिले के ही गोरकापार में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। एमडी कंवर ने दुर्ग जिले के पाटन अंतर्गत सोनपुर सबस्टेशन में फीडर सेग्रिगेशन, फीडर बाईफरगेशन एवं ग्राम कौही में हुए एलटी एबी केबल के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कार्यपालक निदेशक जेएस नेताम और मुख्य अभियंता दुर्ग क्षेत्र संजय खंडेलवाल भी मौजूद थे।


