गुना में आधी नाली बनाकर छोड़ गया ठेकेदार:घरों के सामने भरा पानी, न वाहन निकल पा रहे न नागरिक पैदल जा पा रहे; आंदोलन की चेतावनी

नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 19 और 20 के अंतर्गत आने वाले बरबटपुरा और श्रद्धा नगर के रहवासी इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में नाली निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिए जाने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जलजमाव और गंदगी से परेशान नागरिकों ने अब आंदोलन की चेतावनी दे दी है। ठेकेदार आधा काम करके गायब हो गया है, जिससे हालात बदतर हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में नाली निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया। नालियां जाम होने से सारा गंदा पानी एक जगह जमा हो रहा है, जिससे सड़क के बीच में एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे की वजह से आए दिन राहगीर और वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। पाइपलाइन के ऊपर भरा गंदा पानी, बीमारी का खतरा वार्डवासियों के मुताबिक, सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिस गड्ढे में गंदा पानी भरा है, उसके ठीक नीचे से पेयजल की पाइपलाइन गुजरी है। रहवासियों को डर है कि गंदा पानी पाइपलाइन में मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो पूरी कॉलोनी में महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। CM हेल्पलाइन पर शिकायत, फिर भी समाधान नहीं वार्ड 19 के घरों में नाली का पानी घुसने से सामान खराब हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन (181) पर शिकायत की गई थी। नगरपालिका की टीम ने मौका-मुआयना तो किया, लेकिन बिना किसी ठोस कार्रवाई के लौट गई। ठेकेदार पर भी अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है। रहवासियों का कहना है कि अगर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *