गुना जिले की आरोन पुलिस ने फरार चल रहे एक इंटर डिस्ट्रिक्ट चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की 2 बाइक बरामद हुई हैं। वह अपने साथी के साथ मिलकर गुना के अलावा इंदौर, बीना, अशोकनगर और पीथमपुर में वारदातों को अंजाम देता था। मामले में एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है। घटना की शुरुआत 25 मार्च की रात से हुई थी। आरोन के श्रीराम मैरिज गार्डन के पास से महेंद्र यादव की बाइक चोरी हुई थी। पुलिस ने जांच शुरू की और महज 3 दिन के भीतर एक आरोपी हेमंत उर्फ राहुल धाकड़ (निवासी बड़ा आमल्या) को गिरफ्तार कर लिया था। उसने पूछताछ में अपने साथी नरेंद्र धाकड़ के साथ मिलकर कई जगह चोरियां करना कबूला था। हेमंत की निशानदेही पर पुलिस ने आरोन, बीना और इंदौर से चोरी की गई बाइकें बरामद कर ली थीं। अब दूसरा साथी भी चढ़ा हत्थे, 22 साल का है आरोपी पुलिस लगातार दूसरे फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने नरेंद्र धाकड़ (22), निवासी ग्राम पीपलखेड़ी (राघौगढ़) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने हेमंत के साथ मिलकर कुल 5 बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। पीथमपुर और अशोकनगर की बाइक बरामद आरोपी नरेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने पीथमपुर से चोरी हुई स्प्लेण्डर और अशोकनगर से चोरी हुई सीडी डीलक्स बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया कि इन गाड़ियों के चोरी होने की रिपोर्ट जीआरपी बीना, छोटी ग्वाल टोली (इंदौर), कोतवाली अशोकनगर और पीथमपुर थाने में दर्ज है। गुना पुलिस ने संबंधित थानों को सूचना भेज दी है।


