गुना के धरनावदा में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में नया मोड़ आया है। जांच में पता चला है कि जिस वक्त केले से भरे ट्रक की कंटेनर से भिड़ंत हुई, उस समय स्टीयरिंग ड्राइवर के हाथ में नहीं, बल्कि कंडक्टर के हाथ में थी। हादसे में कंडक्टर की मौत हो गई थी, जबकि असली ड्राइवर घायल है। पुलिस ने मंगलवार को कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसा शुक्रवार शाम को धरनावदा थाने की रुठियाई चौकी क्षेत्र में हुआ। घायल ड्राइवर जितेंद्र (35) ने पुलिस को बताया कि वह और कंडक्टर माता प्रसाद (55) निवासी आगरा, पिछले 8 साल से साथ काम कर रहे थे। वे महाराष्ट्र के शाहबाद से ट्रक (RJ11GA9790) में केले भरकर गोरखपुर जा रहे थे। देहरी गांव के पास हाईवे पर मरम्मत के चलते सिर्फ एक साइड का ट्रैफिक चालू था। कंडक्टर चला रहा था गाड़ी, 12 तारीख को तोड़ा दम जितेंद्र ने बताया कि उस समय ट्रक कंडक्टर माता प्रसाद चला रहा था। तभी सामने से आए कंटेनर (HR38 Z3098) ने लापरवाही से टक्कर मार दी। दोनों को 1033 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 दिसंबर को माता प्रसाद की मौत हो गई। आगरा का रहने वाला था मृतक मृतक कंडक्टर माता प्रसाद और घायल ड्राइवर जितेंद्र दोनों आगरा (यूपी) के रहने वाले हैं। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर अब कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।


