गुना में एक साथ 500 विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार:युवा मोर्चा ने निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन; जिलाध्यक्ष बोले- युवा केवल देश का भविष्य नहीं, वर्तमान भी हैं

गुना में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के मौके पर मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट स्कूल में हुआ। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों और करीब 500 विद्यार्थियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा ने ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन, युवा संवाद और विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कड़ाके की ठंड के बीच युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई। इस दौरान स्वामी विवेकानंद का ध्येय वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक तुम अपने लक्ष्य को प्राप्त न कर लो” और उनके शिकागो भाषण के अंश सुनाए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें युवाओं को अनुशासन और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बेरोजगारी और नशा युवाओं के सामने चुनौती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा, “स्वामी विवेकानन्द जी का विश्वास था कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। वे कहते थे- उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भी है। युवाओं में ऊर्जा है, नवीन सोच है और परिवर्तन की शक्ति है। यदि यही शक्ति सही दिशा में लग जाए, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “आज के समय में युवाओं के सामने अनेक चुनौतियां हैं- जैसे बेरोज़गारी, नशा, मोबाइल की लत और नैतिक मूल्यों में गिरावट। ऐसे समय में स्वामी विवेकानन्द के विचार हमें सही मार्ग दिखाते हैं।” कॉलेज में हुई विचार गोष्ठी मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि युवा मोर्चा के तत्वाधान में स्थानीय शासकीय महाविद्यालय प्रांगण में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद रन फॉर यूनिटी मैराथन, युवा संवाद और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। ये रहे उपस्थित कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रप्रकाश अहिरवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धाकड़, देवेन्द्र गुप्ता, अर्जुन राजपूत, रामकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *