शहर में शनिवार को एक कबाड़ी ने पुरानी तिजोरी को तुड़वाया, तो उसमें चांदी जैसी वस्तु निकलीं। इससे यह अफवाह उड़ गई कि तिजोरी से चांदी के गहने निकले हैं। धीरे-धीरे यह बात पुलिस तक भी पहुंची। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की तो तिजोरी से निकल सामान जिलेटिन का था। दरअसल, कर्नलगंज के हाजी चौक का रामस्वरुप गांव गांव जाकर कबाड़ा खरीदने का व्यापार करता है। उसने बमोरी के बागैरी गांव के गोवर्धन मीणा से एक पुरानी तिजोरी खरीदी, जिसका लॉक बंद था। उसने जब तिजोरी का लॉक तुड़वाया, तो उसमें से चांदी जैसी चमकीली धातु के ताबीज और पायल आदि आभूषण निकले। फिर क्या था अफवाहों के शहर में अफवाह चल पड़ी कि तिजोरी ने कुंटलों चांदी उगल दी है। ये अफवाह जरिए मुखबिर पुलिस तक भी पहुंची। पुलिस ने जब तस्दीक की तो चमकीली धातु चांदी न होकर गिलट निकली, जिसका वजन भी कुछ ग्राम था। कबाड़ी से पूछताछ करने के बाद पुलिस वापस आ गई। पड़ोसी जिले विदिशा में हुई एक चोरी और अपने अपने थाने में दर्ज चोरी की रिपोर्ट के चलते न केवल सिटी कोतवाली बल्कि केंट थाने की पुलिस ने भी कबाड़ा शॉप पर पहुंचकर तस्दीक की। पुलिस की तस्दीक के बाद मामला नकली चांदी (गिलट) का निकला और कुछ देर तक सनसनी बनी खबर अफवाह साबित हो गई। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि चाहे अफवाह हो या पुख्ता इनपुट उसकी तस्दीक करना जरूरी होता है जिससे किसी तरह की शंका की गुंजाइश न रहे।


