साइबर ठग ने गुना के एक दृष्टि बाधित दिव्यांग को निशाना बनाते हुए उसके खाते से 15 हजार रुपए निकाल लिए। मोबाइल में राशि कटने का जैसे ही मैसेज आया, तो पीड़ित ने तत्काल अपने भाई के साथ नजदीकी कियोस्क सेंटर जाकर बचे 2 हजार रुपए निकाल लिए। मिली जानकारी के अनुसार, ठगी की यह घटना आरोन के ईदगाह मोहल्ला निवासी संतोष नामदेव के साथ घटित हुई है। संतोष ने बताया कि वह मोबाइल के स्पेशल फीचर गूगल टॉक बैंक के जरिए मोबाइल चलाते हैं। उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। हालांकि इससे पहले भी तीन चार दिन से लगातार उन्हें इसी तरह के नंबरों से फोन आ रहे थे। लेकिन वह रिसीव नहीं कर रहे थे। डीटीएच ऑटो पे बंद कराने के नाम पर ठगी
लगातार परेशान होकर जब उन्होंने फोन उठाया, तो कॉल करने वाले ने कहा कि मैं एयरटेल डीटीएच सर्विस से राज बोल रहा है। आपने अपना सेटअप बॉक्स रिचार्ज नहीं कराया है। जिस पर संतोष ने कहा कि मैंने तो उसे बंद कर कंपनी को वापस कर दिया है। ठग ने कहा अपने फोन पे पर ऑटो-पे को डिसकनेक्ट करवा लें, नहीं तो हर महीने 330 रुपए कटते रहेंगे। पैसे कटने का मेसेज आया तब ठगी का अंदाजा हुआ
संतोष ने कहा मैं ऑफिस जाकर सब कुछ करवा लूंगा। जिस पर ठग ने कहा नहीं, तुम्हें ऑनलाइन ही करवाना पड़ेगा। तुम अपना मोबाइल होल्ड रखो। हम यहीं से पूरी प्रोसेस कर देते हैं। कुछ देर होल्ड रखने के बाद कहा कि तुम अपना वॉटसएप खोलो। संतोष ने ऐसा कर दिया, इसके तुरंत बाद कहा अब बैक करो, इसके बाद पूरा मोबाइल हैक हो गया। अब संतोष कुछ भी नहीं कर पा रहा था। कुछ ही देर में ठग ने उसका फोन पे ऐप खोल लिया और दो बार में 10 और 5 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद उसके मोबाइल पर जैसे ही राशि कटने का मैसेज आया, वह समझ गया कि उसके साथ ठगी हो गई है। उसने तुरंत पास बैठे भाई सोनू को बताया कि उसके खाते से पैसे कट गए हैं। अब सिर्फ 2 हजार ही बचे है। वह तुरंत पास स्थिति कियोस्क सेंटर गए और दो हजार रुपए निकाल लिए। युवक ने सोमवार शाम साइबर सेल में शिकायती आवेदन दिया है।


