गुना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के भुल्लनपुरा में रविवार रात सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते एक बेकरी कर्मचारी और उसके साथी की लोहे की रॉड और लाठियों से जमकर पिटाई कर दी गई। हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रोहित जाटव भुल्लनपुरा तिराहे पर स्थित एक बेकरी पर काम करता है। रविवार रात उसका एक साथी दीपक भी बेकरी पर आया हुआ था। तभी रात करीब 9:30 बजे दो लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने रोहित और दीपक पर लाठियों से हमला कर दिया। वीडियो में बदमाश दोनों को जमीन पर गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद भी आरोपी उन पर लाठियां बरसाते रहे। भाई को फोन कर बुलाया, मौके पर बेहोश मिला घायल रोहित के भाई विशाल जाटव ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह घर पर था। तभी रोहित का फोन आया। उसने बताया कि पीयूष मिश्रा की बेकरी के सामने रोहन नागर और अरुण राय उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। विशाल जब मौके पर पहुंचा, तो देखा कि आरोपी उसके भाई रोहित और दोस्त दीपक अहिरवार को गालियां देते हुए पीट रहे थे। बीच-बचाव करने पर जान से मारने की धमकी विशाल ने पुलिस को बताया कि जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो रोहन और अरुण उसे भी गालियां देने लगे। उन्होंने धमकी दी, “अगर तू बीच में आया तो तुझे भी जान से खत्म कर देंगे।” विशाल के मुताबिक, रोहन नागर ने रोहित के सिर पर जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से कई वार किए, जबकि अरुण ने लाठी से पीटा। आरोपी फरार, घायलों का इलाज जारी हमले में रोहित के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और खून निकलने लगा। वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। परिजन घायलों को बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने रोहन नागर और अरुण राय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


